
देहरादून। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में उपचार कराने आ रहे मरीजों के लिए एक अच्छी ख़बर है राजकीय दून मेडिकल कॉलेज के रेडियोलॉजी विभाग में प्रो डॉ बृजनाथ त्रिपाठी ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है उनके आगमन से संस्थान के रेडियोलॉजी विभाग को शैक्षणिक और चिकित्सीय दोनों स्तरों पर नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद है।
प्राचार्या डॉ गीता जैन ने बताया कि डॉ. त्रिपाठी के जुड़ने के साथ ही कॉलेज में रेडियोलॉजी विषय में स्नातकोत्तर (पीजी) सीटों के लिए आवेदन की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी उन्होंने कहा कि यह कदम न केवल संस्थान की शैक्षणिक क्षमता को बढ़ाएगा, बल्कि प्रदेश के मेडिकल छात्रों को राज्य में ही उच्च विशेषज्ञता प्राप्त करने का अवसर भी देगा।
डॉ. जैन ने आगे बताया कि डॉ. त्रिपाठी इंडोर मरीजों के लिए इमरजेंसी अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन और एमआरआई की रिपोर्टिंग की जिम्मेदारी भी संभालेंगे इससे आपातकालीन स्थितियों में मरीजों को त्वरित और सटीक रिपोर्ट उपलब्ध हो सकेगी, जिससे उपचार प्रक्रिया में तेजी आएगी और गंभीर मरीजों को समय पर उचित चिकित्सा मिल सकेगी।
साथ ही उन्होंने कहा कि संस्थान लगातार विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति और अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण की दिशा में कार्य कर रहा है रेडियोलॉजी विभाग की यह सुदृढ़ता अस्पताल की डायग्नोस्टिक सेवाओं की गुणवत्ता, विश्वसनीयता और पारदर्शिता को और मजबूत करेगी।
दून मेडिकल कॉलेज प्रशासन का मानना है कि यह पहल मरीजों की सुविधा, चिकित्सा शिक्षा के विस्तार और प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं के उन्नयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
